विधायक धरमलाल कौशिक ने की विकास कार्यों की घोषणाएं, कलेक्टर कुन्दन कुमार ने शिक्षा पर दिया जोर
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली | वैभवी टाइम्स
मुंगेली, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार अब जनविश्वास का उत्सव बनता जा रहा है। इसी कड़ी में पथरिया विकासखंड के ग्राम धरदेई में भव्य समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों को आमजनों तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। समाधान शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है, जिससे आमजन को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
विधायक कौशिक ने लोगों से आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, ऋण पुस्तिका, नामांतरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने धरदेई में प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए 12 लाख रुपये, सांस्कृतिक मंच निर्माण के लिए 12 लाख रुपये तथा सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की। साथ ही मुक्तिधाम परिसर एवं प्रतीक्षालय, आंगनबाड़ी भवन, व्यावसायिक परिसर भवन तथा सीसी रोड का लोकार्पण भी किया।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने अपने संबोधन में शिक्षा को भविष्य निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि जिले ने शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों से जिले ने परीक्षा परिणामों में प्रदेश स्तर पर बड़ी प्रगति की है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और नियमित संवाद बनाए रखने की अपील करते हुए विद्यार्थियों को डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि बनने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता का वितरण भी किया गया। सहकारिता विभाग द्वारा 25 हितग्राहियों को केसीसी चेक, 16 हितग्राहियों को श्रमिक पंजीयन कार्ड प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग के तहत 8 हितग्राहियों को छड़ी तथा एक दिव्यांग हितग्राही को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गई। आजीविका मिशन के अंतर्गत 80 हितग्राहियों को चक्रीय निधि राशि, सामुदायिक निवेश कोष एवं लखपति दीदी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
खाद्य विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को राशन कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 8 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, कृषि विभाग द्वारा 10 किसानों को अरहर मिनी किट तथा मत्स्य पालन विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को महाजाल एवं आइस बॉक्स प्रदान कर लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, एसडीएम रेखा चंद्रा, जिला पंचायत सभापति अम्बालिका साहू, अनिला देवेन्द्र राजपूत, जनपद पंचायत अध्यक्ष चित्ररेखा जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
10 जून को सतनाम भवन में लगेगा समाधान शिविर
सुशासन तिहार के अंतर्गत 10 जून को सतनाम भवन, मुंगेली में समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में नगर पालिका मुंगेली के वार्ड क्रमांक 16, 17, 18, 19 एवं 22 के नागरिक शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जाएगा।
