रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा। जिले में प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर दलहन एवं तिलहन की खरीदी लगातार जारी है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है।
उप संचालक कृषि मोरध्वज डडसेना ने जानकारी देते हुए बताया कि अरहर (तुअर) एवं सरसों की खरीदी की अंतिम तिथि 15 मई 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चना एवं मसूर की खरीदी 30 मई 2026 तक की जाएगी। किसानों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी उपज का विक्रय कर एमएसपी का पूरा लाभ उठाएं।
जिले में अब तक 534 क्विंटल दलहन–तिलहन की खरीदी हो चुकी है। वर्तमान में 9 अधिसूचित सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। इन केंद्रों पर तौल, पंजीयन, उपज की गुणवत्ता जांच और भुगतान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
खरीदी केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, बारदाना और पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। साथ ही पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन पंजीयन, आधार आधारित सत्यापन और बैंक खाते में सीधे भुगतान की व्यवस्था लागू की गई है।
जिला प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि वे आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण और आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित सेवा सहकारी समिति में शीघ्र पंजीयन कराएं तथा अपनी उपज केवल अधिकृत खरीदी केंद्रों पर ही बेचें।
प्रशासन का कहना है कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें उचित मूल्य दिलाने के लिए यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। खरीदी कार्य की नियमित मॉनिटरिंग भी जिला स्तर पर की जा रही है, ताकि पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जा सके।
