जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू, 23 कर्मियों की नियुक्ति के लिए ई-निविदा जारी
रज्जू बंजारे”वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा। आगामी जनगणना 2027 के सफल और व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर कार्यालय बेमेतरा की जनगणना शाखा द्वारा जनगणना कार्य के सुचारु संचालन हेतु 23 कर्मियों की नियुक्ति के लिए ई-निविदा आमंत्रित की गई है।
जारी सूचना के अनुसार जनगणना की प्रक्रिया इस बार पूरी तरह डिजिटल प्रणाली के माध्यम से संचालित की जाएगी। इसके तहत मोबाइल एप्लीकेशन, डेटा प्रबंधन और निगरानी प्रणाली (CMMS) पोर्टल, मकान सूचीकरण ब्लॉक निर्माण (HLBS) वेब एप्लीकेशन तथा स्व-गणना पोर्टल का उपयोग किया जाएगा, जिससे आंकड़ों के संकलन और निगरानी में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जा सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) का कार्य अप्रैल से सितंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना (PE) का कार्य फरवरी 2027 में संपन्न कराया जाएगा।
जनगणना कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तर पर 22 तकनीकी सहायक एवं 01 बहु-कार्य कर्मचारी (एमटीएस) की नियुक्ति एजेंसी के माध्यम से पारिश्रमिक आधार पर की जाएगी। तकनीकी सहायकों को 25 हजार रुपये प्रतिमाह तथा एमटीएस को 18 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
इस मानदेय में EPF, ESIC, GST, IOT एवं अन्य सेवा कर शामिल रहेंगे।इन सभी कर्मियों की नियुक्ति अप्रैल 2026 से जून 2027 तक कुल 15 माह की अवधि के लिए की जाएगी, जिसके लिए कुल 85 लाख 20 हजार रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।जिला प्रशासन द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया GeM पोर्टल के माध्यम से संपन्न की जाएगी।
प्राप्त निविदाओं को 06 मार्च 2026 को प्रातः 11 बजे कलेक्टर कार्यालय बेमेतरा के दिशा सभाकक्ष में खोला जाएगा।जिला प्रशासन ने पात्र एवं इच्छुक एजेंसियों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत निविदा में भाग लेने की अपील की है, ताकि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
