जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं, 68 आवेदन प्राप्त
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनदर्शन कार्यक्रम के तहत आज कलेक्ट्रेट के दृष्टि सभा कक्ष में जनदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनदर्शन में कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से निराश्रित एवं वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, बैटरी चालित ट्रायसायकल की मांग, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, कटा हुआ रकबा जोड़ने, खाद गड्ढा हटाने, आम रास्ता खुलवाने सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों से संबंधित आवेदन शामिल रहे।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों का परीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवेदकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रकाश कुमार भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में जनदर्शन की प्रक्रिया सुचारू और प्रभावी ढंग से संपन्न हुई।
