समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने कलेक्टर के सख्त निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नही
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा। जिले में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की व्यापक समीक्षा की। आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा (आरईएस) के अधिकारी-कर्मचारी, तकनीकी सहायक, उपसंचालक पंचायत सहित सभी जनपद पंचायतों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और बिहान योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और जमीनी क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई।कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले 15 जून तक स्वीकृत सभी निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने सड़क, नाली, भवन निर्माण, पंचायत भवन और सामुदायिक परिसंपत्तियों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा। भूमि विवाद वाले कार्यों को तत्काल निरस्त कर राशि वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि शासकीय धन का दुरुपयोग न हो।प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लक्ष्य के अनुरूप समय-सीमा में आवास पूर्ण कराने और लाभार्थियों का पलायन रोकने के लिए नियमित फील्ड मॉनिटरिंग पर जोर दिया।
अपात्र हितग्राहियों के आवास निरस्त कर पात्रों को लाभ देने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी शिकायत पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।कलेक्टर ममगाई ने पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने नियमित निरीक्षण, फोटो अपलोडिंग, मस्टर रोल संधारण और तकनीकी स्वीकृति प्रक्रिया को मजबूत करने के निर्देश दिए।जल संरक्षण को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने सोखता गड्ढा, रिचार्ज पिट और वर्षा जल संचयन जैसे कार्यों को अभियान के रूप में चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसे जनआंदोलन का रूप देकर ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्तर बढ़ाने की दिशा में काम किया जाए।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने और जिले के विकास कार्यों को तेज गति देने की अपेक्षा जताई।
