पंकज कुमार बघेल,मुंगेली, वैभवी टाइम्स,
जिले में भूमि संबंधी धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए सरगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन का फर्जी नामांतरण कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में भूमि माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर निवासी 63 वर्षीय प्रार्थी सुनील छाबड़ा, जो डी.आर.एस. फार्म्स के पार्टनर हैं, ने थाना सरगांव में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि प्रॉपर्टी डीलर छगनलाल वर्मा ने अपने साथियों के साथ मिलकर जमीन से जुड़े कार्य कराने के नाम पर धोखाधड़ी की।
साजिश के तहत किया गया फर्जी सौदा
प्रकरण के अनुसार, प्रार्थी के परिचित के माध्यम से आरोपी से संपर्क हुआ था, जिसके बाद एक इकरारनामा किया गया।
इस इकरारनामे के तहत जमीन से जुड़े सभी राजस्व कार्य—जैसे नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा आदि—आरोपी को सौंपे गए।
इसी दौरान आरोपी ने ग्राम मदकू स्थित लगभग 0.3380 हेक्टेयर भूमि का सौदा कराया। बाद में जांच में सामने आया कि यह जमीन पहले ही वर्ष 1975 में जॉन एन्ड्रेस द्वारा खरीदी जा चुकी थी, लेकिन नामांतरण नहीं होने का फायदा उठाकर आरोपी ने दोबारा फर्जी तरीके से जमीन का पंजीयन करवा दिया।
फर्जी आधार और दस्तावेज बनाकर की गई ठगी
पुलिस विवेचना में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी ने कूट रचित विक्रयनामा तैयार किया और फर्जी आधार कार्ड का उपयोग कर पूरे सौदे को अंजाम दिया। आरोपी ने खुद को साक्षी बनाकर लेन-देन में शामिल होना भी स्वीकार किया।
इस पूरी साजिश के तहत डी.आर.एस. फार्म्स से लगभग 15 लाख रुपये की ठगी की गई, जिसे योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छगनलाल वर्मा (51 वर्ष), निवासी बलौदाबाजार को 31 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से फर्जी विक्रयनामा और फर्जी आधार कार्ड भी जब्त किए गए हैं।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
आरोपी के खिलाफ थाना सरगांव में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरे मामले की जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई में सरगांव थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सक्रियता से मामले का खुलासा संभव हो सका।
