🚑 पंकज कुमार बघेल, मुंगेली, वैभवी टाइम्स,
मुंगेली। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
शासन की पहल पर जिले को 07 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस मिली हैं, जिससे अब आपातकालीन स्थिति में मरीजों को पहले से अधिक तेज और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
जिला कलेक्टोरेट परिसर से इन एम्बुलेंस को विधायक पुन्नूलाल मोहले द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद तक समय पर स्वास्थ्य सेवा पहुंचे। इन नई एम्बुलेंस के जुड़ने से जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की गति और क्षमता दोनों में वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी गंभीर स्थिति में मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।
जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि इन एम्बुलेंस का वितरण विभिन्न क्षेत्रों में किया गया है—
2 एम्बुलेंस जिला चिकित्सालय में
1 सेतगंगा क्षेत्र में
2 लोरमी क्षेत्र में
1 पथरिया क्षेत्र में
1 सरगांव क्षेत्र में तैनात रहेगी
इस पहल से दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष रूप से राहत मिलेगी और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
✍️ पंकज कुमार बघेल
वैभवी टाइम्स, मुंगेली🚑
