पंकज कुमार बघेल, मुंगेली, वैभवी टाइम्स,
मुंगेली जिले में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हितग्राहियों का ई-केवाईसी अभियान अब 03 अप्रैल से प्रारंभ किया जाएगा।
कलेक्टर के निर्देशानुसार यह अभियान जिलेभर में संचालित होगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी कारणों के चलते पूर्व निर्धारित तिथि में बदलाव किया गया है।
तकनीकी टीम एवं विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद नई तिथि तय की गई है।
उन्होंने बताया कि 03 अप्रैल से पहले, 2 अप्रैल को रियल-टाइम वातावरण में परीक्षण (ट्रायल) किया जाएगा।
इस दौरान जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र से 05 हितग्राहियों को शामिल कर प्रक्रिया की जांच की जाएगी, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न आए।
अभियान का मुख्य उद्देश्य योजना से जुड़े सभी हितग्राहियों के विवरण का सत्यापन करना और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। इससे पात्र महिलाओं को योजना का लाभ बिना किसी बाधा के लगातार मिलता रहेगा।
ई-केवाईसी की प्रक्रिया बायोमेट्रिक माध्यम से कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के जरिए पूरी की जाएगी।
इस कार्य के लिए संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सभी हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी च्वाइस सेंटर (CSC) में पहुंचकर अनिवार्य रूप से अपना ई-केवाईसी पूर्ण कराएं, ताकि योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।
