जिले के 1380 गणना ब्लॉकों का शत-प्रतिशत सर्वेक्षण पूरा
नागरिकों के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ अभियान
पंकज कुमार बघेल, मुंगेली | वैभवी टाइम्स
मुंगेली, देश के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियानों में शामिल जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना) का कार्य मुंगेली जिले में सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है। 1 मई से 30 मई 2026 तक चले इस अभियान के दौरान जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों का शत-प्रतिशत सर्वेक्षण किया गया, जिससे आगामी जनसंख्या गणना के लिए मजबूत आधार तैयार हुआ है।
प्रथम चरण के अंतर्गत प्रगणकों ने घर-घर पहुंचकर प्रत्येक मकान एवं परिवार से भारत सरकार द्वारा निर्धारित 33 बिंदुओं से संबंधित जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से संकलित की। इसमें मकानों की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं एवं परिसंपत्तियों से जुड़ी जानकारियां शामिल रहीं। संकलित आंकड़ों को सुरक्षित रूप से भारत सरकार के सर्वर में संरक्षित किया गया है।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कुन्दन कुमार ने बताया कि जिले के सभी तहसीलों, ग्रामों एवं नगरीय निकायों में जनगणना का कार्य शांतिपूर्ण वातावरण में पूर्ण किया गया तथा कोई भी क्षेत्र गणना से वंचित नहीं रहा। उन्होंने नागरिकों, प्रगणकों और अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनगणना के दौरान प्राप्त व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियमावली 1990 के तहत पूर्णतः गोपनीय रहेगी। इन आंकड़ों का उपयोग केवल नीति निर्माण, विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए किया जाएगा।
जिले में यह कार्य 06 नगरीय चार्ज एवं 06 ग्रामीण चार्ज के अंतर्गत संचालित किया गया। इसके लिए कुल 1380 मकानसूचीकरण गणना ब्लॉक बनाए गए थे। अभियान में 03 अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, 12 चार्ज अधिकारी, 02 मास्टर ट्रेनर्स, 29 फील्ड ट्रेनर्स, 1274 प्रगणक एवं 216 पर्यवेक्षकों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 का दूसरा चरण अर्थात जनसंख्या गणना कार्य फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि प्रथम चरण की तरह आगामी चरण में भी जिलेवासियों का सक्रिय सहयोग मिलेगा और यह राष्ट्रीय अभियान सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
