रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा। जिला कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, जल संसाधन, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों से योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि कार्यों की वास्तविक प्रगति का आंकलन लाभार्थियों से फीडबैक लेकर भी किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ सही पात्र लोगों तक पहुंच सके।
वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अब बहुत कम समय शेष है। ऐसे में सभी विभाग अपने-अपने लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।उन्होंने विभाग प्रमुखों से कहा कि वे अपने विभागों की योजनाओं की लगातार समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराएं, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके और आम नागरिकों को उसका लाभ मिल सके।
आधार आधारित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने कार्यालयीन अनुशासन और कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी और कर्मचारी आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।कलेक्टर ने कहा कि बिना अनुमति कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अनुपस्थित न रहे तथा सभी कार्यालयों में अनुशासन का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने अनुभागों और अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने कहा कि समयबद्ध कार्यप्रणाली, कार्यालयीन अनुशासन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही प्रशासन की कार्यकुशलता बढ़ेगी और आम जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
