पंकज कुमार बघेल,मुंगेली, वैभवी टाइम्स,
जिला कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिलेभर से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में विकासखंड मुंगेली, पथरिया और लोरमी से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक अपनी शिकायतें और आवेदन लेकर पहुंचे।
कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से उनकी समस्या की वस्तुस्थिति की जानकारी ली और विभागवार अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजनों को पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निजी अस्पताल की शिकायत पर सख्त रुख
जनदर्शन के दौरान ग्राम ढबहा निवासी विनोद ने एक निजी चिल्ड्रन हॉस्पिटल के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके नवजात बच्चे के इलाज के नाम पर अस्पताल द्वारा मात्र 6 दिनों में लगभग 1 लाख 14 हजार रुपये नकद तथा 80 हजार रुपये आयुष्मान कार्ड से ले लिए गए, लेकिन बच्चे के स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार, सीएमएचओ और डीपीएम सहित अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम लोगों से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीमांकन नहीं होने की शिकायत
ग्राम घोरपुरा के सुरेन्द्र सिंह ने आरआई और पटवारी द्वारा जमीन का सीमांकन नहीं किए जाने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विभिन्न योजनाओं से जुड़े आवेदन
जनदर्शन में कई अन्य आवेदनों पर भी सुनवाई की गई। इनमें—
ग्राम मोहभट्टा की प्रियंका गंधर्व ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
कबीर वार्ड के महेन्द्र भारती ने त्रुटि सुधार कर बी-वन ऑनलाइन कराने का आवेदन दिया।
ग्राम लालपुर थाना के रामगोपाल जायसवाल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
ग्राम अमलडीही के बबलू भास्कर ने श्रम कार्ड में परिजनों का नाम जोड़ने की मांग की।
नगर पंचायत बरेला के बेनीराम धुरी ने अपनी मृत पुत्र का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने का आवेदन दिया।
मजगांवपारा के साहिल पीटर ने जाति प्रमाण पत्र बनवाने की मांग की।
ग्राम सेमरिया के श्रवण राजपूत ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाने का आवेदन दिया।
ग्राम सुरही के बिमलेश ने आवासीय पट्टा दिलाने की मांग की।
ग्राम गंधीरवाडीह के ग्रामीणों ने नाली और सड़क निर्माण की मांग की।
ग्राम सेमरिया के पीयूष सिंह ने आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधार कराने का आवेदन दिया।
ग्राम भटगांव के भरतलाल साहू ने नया आधार कार्ड बनवाने की मांग की।
ग्राम झझपुरीकला के मिल्लूराम साहू ने अपनी मृत पत्नी के बैंक खाते की राशि नामिनी को दिलाने का आवेदन दिया।
ग्राम लालपुर थाना की करीना कुर्रे ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण कराने की मांग की।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर और संवेदनशील मामलों की मौके पर जाकर जांच की जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
जनदर्शन कार्यक्रम में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
