आरती, पूजा-अर्चना और श्रद्धा के माहौल में विकास कार्य का शुभारंभ
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा । बेमेतरा जिला अंतर्गत नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत गाड़ामोर के आश्रित ग्राम धरमपुरा में आज श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ गुरु घासीदास बाबा प्रवेश द्वार (गेट)निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत महान संत एवं समाज सुधारक गुरु घासीदास बाबा की आरती एवं पूजा-अर्चना के साथ की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, जनपद सदस्य, पंचगण, वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। धरमपुरा गांव तक पहुंचने के लिए लगभग 2 किलोमीटर का मार्ग तय करना पड़ता है। ऐसे में मुख्य मार्ग पर बनने वाला यह भव्य प्रवेश द्वार गांव की पहचान, आस्था और गौरव का प्रतीक बनेगा।भूमिपूजन आरती के बीच विधिवत संपन्न हुआ।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं और यह प्रवेश द्वार सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करने का कार्य करेगा। ग्रामीणों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए इस पहल का स्वागत किया और इसे गांव के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा सभी ने गांव के विकास एवं समृद्धि की कामना की। धरमपुरा में गुरु घासीदास बाबा प्रवेश द्वार का निर्माण ग्राम के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
