बेमेतरा में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान, 10 से 13 मार्च तक प्रशिक्षण व लाइसेंस शिविर
रज्जू बंजारे “वैभवी टाइम्स”
बेमेतरा। जिले में सुरक्षित और स्वच्छ भोजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम (FoSTaC) का आयोजन 10 से 13 मार्च 2026 तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य छोटे खाद्य व्यवसाय संचालकों, होटल-ढाबा संचालकों, किराना दुकानदारों और मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) से जुड़े कर्मचारियों को खाद्य सुरक्षा के मानकों के प्रति जागरूक करना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सुरक्षित भोजन निर्माण, स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सही भंडारण, भोजन वितरण की प्रक्रिया और खाद्य पदार्थों को संभालने के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार इस प्रशिक्षण से खाद्य जनित बीमारियों की रोकथाम, पोषण गुणवत्ता में सुधार और आमजन के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। कार्यक्रम का आयोजन नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश और कलेक्टर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के साथ लगेगा खाद्य लाइसेंस शिविर
चार दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण के साथ-साथ खाद्य लाइसेंस और पंजीयन शिविर भी लगाए जाएंगे। जिन खाद्य व्यवसाय संचालकों के पास अभी तक खाद्य लाइसेंस या पंजीयन नहीं है, वे प्रशिक्षण स्थल पर ही आवेदन कर सकेंगे। प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को FoSTaC प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
इन स्थानों पर होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
10 मार्च 2026 – शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बेमेतरा
11 मार्च 2026 – जनपद पंचायत सभाकक्ष, विकासखंड साजा
12 मार्च 2026 – स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, विकासखंड बेरला
13 मार्च 2026 – विकासखंड स्रोत केंद्र, नवागढ़
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले के सभी होटल-ढाबा संचालकों, किराना व्यापारियों, छोटे खाद्य व्यवसाय संचालकों और मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाले स्वसहायता समूहों से अपील की है कि वे इस प्रशिक्षण में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी प्राप्त करें।
इस पहल से जिले में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
